NCERT ने 1-12वीं तक के बच्चों के लिए जारी किया ऑनलाइन पोर्टल, बच्चे अब डाउनलोड कर सकेंगे अपनी पुस्तकें

By Career Keeda | Apr 14, 2020

कोरोना वैश्विक महामारी जिसने पूरी दुनिया को संकट में डाल रखा है। कई देशों को लॉकडाउन के लिए मजबूर कर दिया है। भारत में भी आज प्रधानमंत्री ने 3 मई तक के लिए लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा कर दी है। आपको बता दें 20 मार्च से भारत के सभी स्कूल, कॉलेज और शिक्षा संस्थान बंद कर दिए गए थे। बच्चों के जो पेपर चल रहे थे या जो होने वाले थे वह भी रद्द कर दिए थे। इस कोरोना वायरस ने बच्चों की शिक्षा पर भी गहरा असर डाला हुआ है। परंतु अब शिक्षा संस्थानों ने इससे उभरने का उपाय ढूंढ लिया है।

लॉकडाउन के चलते जो बच्चे अपने घरों में बैठे थे उनकी ऑनलाइन शिक्षा तो शुरू हो गई थी। परंतु एक दिक्कत जो बच्चों के सामने आ रही थी वह थी उनकी पुस्तकें। इस लॉकडाउन की वजह से सभी दुकानें और स्टेशनरी बंद हैं जिसके चलते बच्चों को अपनी किताबें नहीं मिल रही थी। लेकिन अब उन्हें किताबे लेने के लिए कहीं नहीं जाना पड़ेगा वह घर बैठे अपनी सभी किताबें ऑनलाइन पा सकते हैं। एनसीआरटी ने उनकी इस समस्या का भी निवारण कर दिया है। एनसीईआरटी ने सोमवार को ई बुक एनसीआरटी नामक एक ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है। जिस पर कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक की चालू सत्र की सभी विषयों की किताबें क्यूआर कोड के साथ उपलब्ध हैं।  अच्छी बात यह है कि अब सभी बच्चे अपनी इच्छा अनुसार इस पोर्टल पर जाकर इन्हें एक साथ या एक चैप्टर भी डाउनलोड कर सकते हैं।

सभी चैप्टर के क्यूआर कोड भी हैं मौजूद
एनसीईआरटी ने सभी चैप्टर के क्यूआर कोड भी उपलब्ध कराए हैं। जिसके माध्यम से बच्चे उसे स्कैन कर भी डाउनलोड कर सकते हैं। इसके साथ ही सभी राज्यों और संघ शासित क्षेत्रों के लिए तैयार की गई एनसीईआरटी की किताबों को भी इस पोर्टल के जरिए अनलाइन किया गया है। अभिभावकों की तरफ से यह मांग की जा रही थी कि बच्चों को ऑनलाइन बुक्स भी  उपलब्ध कराई जाएं। जिसके बाद एनसीआरटी ने यह कदम उठाया है। आपको बता दें कि लगभग सभी स्कूल, कॉलेज और शिक्षा संस्थानों ने बच्चों की ऑनलाइन क्लास शुरू कर दी हैं। जूम, यूट्यूब और अन्य ऐप के माध्यम से बच्चे रोज अपने अध्यापकों की क्लास ले रहे हैं। अब तो उन्हें ऑनलाइन बुक्स की सुविधा भी मिल गई है, जिसके चलते अब वह अपनी इच्छा अनुसार अपने सभी विषयों की पूरी किताब या उसके कुछ चैप्टर ऑनलाइन ही डाउनलोड कर सकते हैं। शिक्षक भी अपनी अलग-अलग विषयों पर वीडियो बनाकर बच्चों को भेज रहे हैं। सरकार भी इस ऑनलाइन व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है। इससे बच्चों को भी पढ़ने में मदद मिल रही,घर बैठे वह बोर नहीं हो रहे और उनकी शिक्षा का नुकसान भी नहीं हो रहा है।

सरकार ने भी ऑनलाइन शिक्षा पर दिया जोर
सरकार भी ऑनलाइन शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठा रही है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से ऑफ़लाइन शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए छेड़ी गई 'पढ़े भारत अनेलाइन मुहिम' भी चर्चा में है। इस दौरान ऑनलाइन शिक्षा व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त करने के लिए लोग भी आगे आकर अपना सुझाव दे रहे है। मुहिम को पहले केवल तीन दिनों में लगभग 37 सौ लोगों से सुझाव दिया। बता दें कि केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने 10 अप्रैल को इस मुहिम को लॉन्च किया था। साथ ही संकेत दिया था कि भविष्य  मे ऑनलाइन पढ़ाई को बडे स्तर पर शुरू किया जाएगा।